Tuesday, August 25, 2020

परिवहन मंत्री के सामने आया फर्जी रोड टैक्स रसीद का मामला, तीन पर केस दर्ज, जांच शुरू

करमन बार्डर पर फर्जी रोड टैक्स की रसीद बनाने के मामले का खुलासा परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के औचक निरीक्षण के दौरान हुआ। मंत्री सोमवार देर शाम सड़कों पर दौड़ रहे अवैध वाहनों के खिलाफ सड़क पर थे। इस दौरान उनके सामने आरटीए कार्यालय के सहायक सचिव राकेश कुमार ने फर्जी रसीद के मामले का खुलासा किया। इस पर मंत्री भड़क गए और उन्होंने एसपी को फोन कर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने फर्जी रोड टैक्स की रसीद बनाने के आरोप में एक नामजद सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरटीए कार्यालय के सहायक सचिव राकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 24 अगस्त को वह हाईवे पर बाबरी मोड़ के निकट गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बस (आरजे-05पीए-3434) मथुरा की तरफ से आई। जांच के लिए इसे रुकवा कर एमवी टैक्स चैक किया गया तो चालक ने एक रसीद हरियाणा सरकार के ट्रांसपोर्ट विभाग की सतीश चंद के नाम से कटी हुई दिखाई। सहायक सचिव ने हरियाणा सरकार की वेबसाइट पर इसे चेक किया तो वह रसीद फर्जी निकली। चालक का नाम पूछा तो उसने मथुरा जिले के मगौरा गांव निवासी सुरेशचंद बताया। उससे जब रसीद के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि गुलशन ढाबे के पास बने बूथ पर एमवी टैक्स की रसीद 1000 रुपए देकर कटवाई है। रसीद के पीछे काटने वाले व्यक्ति के हस्ताक्षर व मोबाइल नंबर लिखा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31u9eLU

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: