Saturday, August 22, 2020

आबकारी विभाग ने सरकार से कहा, डीडीएमए आदेश से ही जारी हो अनुमति

दिल्ली सरकार के होटल के कमरों, रेस्टारेंट व क्लब में शराब परोसने के आदेश जारी करने के बाद आबकारी विभाग ने भी इस बारे में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही विभाग ने सरकार जानकारी दी है कि दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (डीडीएमए) के आदेश के बाद ही अनुमति दी जा सकेगी। वहीं, आबकारी विभाग ने अनुमति के लिए शुक्रवार को फाइल को आगे बढ़ा दिया है। यह फाइल वित्त विभाग से होते हुए मुख्य सचिव कार्यालय जाएगी। जहां से डीडीएमए की अनुमति के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीडीएमए की स्वीकृति के बाद आबकारी विभाग शराब परोसने के लिए अनुमति जारी करेगा। आबकारी विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि अभी इस कार्रवाई में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है। इसके लिए एसओपी भी जारी की जाएगी। बता दें उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को आबकारी आयुक्त को एक पत्र में विभाग को होटल के कमरों, लाइसेंस वाले रेस्तरांं और क्लबों में शराब परोसने के लिए आवश्यक अनुमति जारी करने का निर्देश दिया था।

इस कदम से कोरोना महामारी तथा लॉकडाउन से प्रभावित दिल्ली की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में मदद मिल सकती है। लॉकडाउन लागू होने के साथ ही 25 मार्च से होटल, रेस्टारेंट में शराब परोसने पर पाबंदी लगा दी गई थी। शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति मई के पहले सप्ताह में दी गई। लेकिन होटल, रेस्टोरेंट व क्लब में शराब परोसने की अनुमति नही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32exbWR

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: