कोविड-19 वैश्विक महामारी से बचाव को लेकर राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे नागरिकों की घर वापसी के लिए सरकार द्वारा पंजीकरण सेवा आरंभ की गई है। जिसके तहत अन्य राज्यों का कोई भी निवासी पलवल जिला के भीतर या जिला का कोई निवासी देश के अन्य राज्यों में हो तो वह घर जाने के लिए सरकार की ओर से जारी लिंक ई दिशा.जीओवी.इन/फॉर्म्स/माइग्रेन सॢवस पर क्लिक करके अपनी सूचना दे सकता है। इस पोर्टल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला प्रशासन की विशेष टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 या हारट्रोन के विशेष नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है। यह जानकारी डीसी नरेश नरवाल ने लघु सचिवालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक में दी।
डीसी ने कहा कि दूसरे राज्यों के प्रवासी मजदूरों, पर्यटक, छात्रों तथा अन्य नागरिकों को उनके गृह राज्य में भेजने के लिए सरकार की ओर से यह व्यवस्था की गई है। साथ ही हरियाणा का भी कोई नागरिक अगर दूसरे राज्यों में फंसा हुआ है तो उसे भी इस लिंक पर जाकर अपनी जानकारी देनी होगी। उन्होंने बताया कि जिला में अगर कोई दूसरे राज्य का नागरिक है और वह घर जाना चाहता है तो वह वहीं से इस लिंक पर क्लिक करके संबंधित जानकारी पूरी करें। साथ ही इस पोर्टल पर पंजीकरण घर बैठे मोबाइल फोन या नेट कनेक्टेड पर्सनल कंप्यूटर के माध्यम से भी किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त नजदीकी सरल केंद्र, सीएससी सेंटर या किसी भी सरकारी कार्यालय से पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा नि:शुल्क मिलेगी। साथ ही इस कार्य के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से भी सहायता ली जा सकती है।
डीसी की अपील: जहां पर भी वे काम कर रहे हैं वहीं पर रहें
उन्होंने सभी प्रवासी नागरिकों से आह्वान किया कि वे यहां-वहां न घूमे बल्कि जहां पर भी वे काम कर रहे हैं, वहीं पर रहें और वहां से यह जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि इन नागरिकों को पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी लगाए जा रहे हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश अनुसार सभी श्रमिकों या नागरिकों की स्क्रीनिंग होगी इसके बाद गंतव्य पर पहुंचने पर यात्रियों की फिर से स्क्रीनिंग होगी और उन्हें क्वारेंटाइन कर दिया जाएगा। सभी नागरिकों को जहां वे रह रहे हैं वहीं से भेजने की व्यवस्था की जाएगी, इसके लिए किसी रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर आने की जरूरत नहीं है। अगर कोई ऐसा प्रवासी जो अपनी मर्जी से किसी बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन पर पहुंचता है तो उसे नहीं भिजवाया जा सकेगा। संबंधित नागरिक को जारी लिंक पर क्लिक करके अपनी सारी जानकारी पहले देनी होगी। बैठक में एसपी दीपक गहलावत, एडीसी वत्सल वशिष्ठ, सीटीएम जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल कंवर सिंह, एसडीएम हथीन वकील अहमद, एमडी शुगर मिल डॉ. नरेश कुमार, हेल्पलाइन सेवाओं के लिए नोडल अधिकारी एवं एचसीएस (अंडर ट्रेनिंग) अंकिता अधिकारी, सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह व एसएमओ डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35r05UV

0 comments: