प्रदूषण की भविष्यवाणी करने वाली केंद्र सरकार की एजेंसी सफर के अनुसार 24 मार्च से 25 अप्रैल और 20 फरवरी से 20 मार्च, 2020 के प्रदूषण आंकड़ों के विश्लेषण से साफ हुआ है कि लॉकडाउन के एक महीने में दिल्ली का पीएम2.5 और नाइट्रोजन ऑक्साइड(एनओ2) क्रमश 31 फीसदी और 32 फीसदी तक घटे हैं। जबकि एनसीआर में धूल उड़ाने वाली लगातार चल रही हवा के बीच प्रदूषण का स्तर जो लॉकडाउन के शुरुआती दिनों में संतोषजनक और अच्छी श्रेणी में आ गया था, वो मॉडरेट श्रेणी में दर्ज हो रहा है।
शनिवार को दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुड़गांव में प्रदूषण का स्तर मॉडरेट श्रेणी में रहा। दिल्ली में 112, फरीदाबाद में 115, गाजियाबाद में 110, ग्रेटर नोएडा में 104, गुड़गांव में 152 और नोएडा में 105 एक्यूआई रजिस्टर किया गया।
आज तेज हवा के साथ हो सकती है हल्की बारिश, कल ओले भी गिरेंगे
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि मई के पहले हफ्ते में लगातार दो-तीन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएंगे। रविवार को पहला वेस्टर्न डिस्टर्बेंस है जिससे दोपहर बाद या शाम को 30-40 किमी की स्पीड वाली तेज हवा चलेगी और हल्की बारिश होगी। सोमवार और मंगलवार(4-5 मई) को यूं तो दिन में 12-15 किमी की स्पीड से हवा चलेगी लेकिन कुछ टाइम के लिए आंधी आएंगी। आंधी की स्पीड 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट दिया है जिसमें तैयार व सतर्क रहने का संकेत होता है। फिर 6 मई और 7 मई को भी 30-40 किमी की स्पीड से धूल उड़ाने वाली हवा और फिर हल्की बारिश की भविष्यवाणी की गई है। 8 मई को वापस फिर मौसम सामान्य रहेगा।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत कहते हैं कि आंधी-बारिश या तेज हवा के साथ बारिश की घटनाएं मई में सामने आती हैं। आंधी-बारिश व ओले का मूल कारण यह है कि इस सीजन में बादल 10 किमी पर बनते हैं। 4.5 किमी पर जीरो डिग्री हो जाता है जहां बर्फ बनती है। इसी वजह से दो दिन पहले भी गाजियाबाद और नोएडा में ओले गिरे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WilgV2

0 comments: