देश की सबसे बड़ी मंडी आजादपुर से जुड़े कारोबारियों के संक्रमण की चपेट में आने का दायरा बढ़ते जा रहा है। शनिवार को एक अन्य कारोबारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले कारोबारियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। इन बढ़ते मामले को देखते हुए मंडी में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा और जांच के लिए जिला प्रशासन की तरफ से दो मेडिकल टीमें लगाई गई है।
यह टीमें शुक्रवार से सुबह 7 बजे से 1 बजे तक मंडी में तैनात रहती है। दोनों टीम दो दिन में सब्जी और फल मंडी में आने वाले व्यापारी, किसान, मजदूर, पल्लेदार, ड्राइवर की स्क्रीनिंग कर रही है। दो दिनों में मंडी में 775 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं, 28 दुकानें अब तक सील हो गई है और 43 लोगों को क्वारेंटाइन कर लिया गया है। वहीं,मंंडी में काम करने वाले कारोबारी राजीव का कहना है कि मंडी में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे है।
मंडी प्रशासन अपने पास आने वाली रिपोर्ट के आधार पर पॉजिटिव की संख्या गिना रहा है। जबकि मंडी में अब तक 31 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए है। उन्होंने कहा कि हम लगातार मामले को उठा रहे है, लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं, मंडी से जुड़े कारोबारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद उनके संपर्क में आने वाले और मंडी में काम करने वाले लोगों में संक्रमण दिखने पर उनकी कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए है। 116 लोगों की सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस और मंडी प्रशासन की तरफ से की गई सख्ती
सरकारों की ओर से लाख कोशिशों के बाद भी लोग सोशल डिस्टेसिंग के उल्लंघन और उसके लिए बनाए गए नियमों को तोड़ने से बाज नहीं आ रहे हैं। दिल्ली की गाजीपुर मंडी थोक सब्जियों और फलों के लिए है। यहां से खुदरा दुकान माल ले जाते हैं। लेकिन ऐसा लगता है कि यहां पर प्रशासन ने सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर कोई खास इंतजाम नहीं किए हैं। गाजीपुर मंडी नोएडा-गाजियाबाद इलाके से बिलकुल सटी हुई है। यहां पर भीड़ में लोग आ रहे हैं। न ही एक मीटर के डिस्टेंस का पालन किया जा रहा था और न मास्क लगाने का। इसको लेकर शनिवार को पुलिस और मंडी प्रशासन की तरफ से सख्ती की गई। पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए बल की संख्या बढ़ाई।
शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को मंडी में करीब 1 हजार टन आवक कम रही
देश की सबसे बड़ी सब्जी और फल मंडी आजादपुर में फल और सब्जी की आवक घट रही है। इसके बावजूद थोक में सब्जियों के दाम स्थिर है। जबकि बाजार में रेहड़ी वाले अलग-अलग इलाके में सब्जी 5 से 10 रुपए दाम बढ़ा कर बेच रहे हैं।
आजादपुर मंडी में सब्जी का कारोबार करने वाले बलबीर सिंह भल्ला ने बताया कि मंडी में भय के कारण कई कारोबारियों ने काम बंद कर रखा है। लॉकडाउन की वजह से आवक कम होने के साथ ही मांग भी कम हो गई है। इस वजह से दाम में ज्यादा अंतर नहीं आ रहा है। मंडी में आने वाले सामान की गुणवत्ता अनुसार उसके दाम अलग-अलग होते हंै। मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग की सख्ती के चलते खरीदार भी माल लेने मंडी नहीं पहुंच पा रहे।
आजादपुर मंडी में सब्जी और फल मिलाकर शनिवार को करीब 4800 टन आवक रही। जबकि शुक्रवार को करीब 5760 टन आवक दर्ज की गई थी। लॉकडाउन के बाद से मंडी में आवक करीब 7 से 8 हजार टन रहती है। आजादपुर मंडी एपीएमसी के चेयरमैन आदिल अहमद खान ने बताया कि मंडी में अभी भी मांग के अनुपात में सब्जियां और फल उपलब्ध है। मंडी के अंदर सब्जी और फल के दाम सामान्य रहे। किसी तरह की कोई बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2z1wNzW

0 comments: