प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल गत सोमवार को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद रात ढाई बजे मेदांता अस्पताल में एडमिट किए गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है। अस्पतालों के सूत्रों की मानें तो सीएम फोन पर अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। उनका ब्लड प्रेशर सामान्य मिला और अन्य जांच भी की गई। गत सोमवार को मुख्यमंत्री की पंचकूला कोविड लैब में जांच हुई थी, जहां उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ से मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री का इलाज सीएमओ डा. विरेन्द्र यादव व वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर गुड़गांव में बढ़ते कोरोना के कहर को देखते हुए मंगलवार एक बार फिर सात कंटेनमेंट जोन से बढ़ाकर 21 जगह को कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक बनाए गए हैं कंटेनमेंट जोन
नए आदेशों में जिन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है, उनमें गुड़गांव ब्लॉक में पीएचसी बादशाहपुर के अंतर्गत पड़ने वाले सैक्टर-69 ट्यूलिप वायलेट सोसायटी, सैक्टर-67 स्थित आयरियो विक्टरी वैली में टावर-डी-19 के ग्राउंड फलोर तथा फर्स्ट फलोर को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है। इसी तरह पीएचसी गढ़ी हरसरू में कादीपुर गांव में, पीएचसी वजीराबाद सैक्टर-30 स्थित बीपीटीपी पार्क सैंटरा, सैक्टर-39, झाड़सा गांव, सैक्टर-40 के कुछ क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है। इसी तरह यूपीएचसी चौमा के पालम विहार एच ब्लॉक व चौमा गांव के कुछ क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है। यूपीएचसी फिरोजगांधी कालोनी में सैक्टर-9, ज्योति पार्क, कृष्णा कालोनी, शिव पुरी की भी कई गलियों को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया है।
सरकारी खर्च पर भी आइसोलेशन लेने की सुविधा
जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर सात स्वयं भुगतान वाली व दो सरकारी आइसोलेशन सुविधा अधिसूचित की है। स्वयं भुगतान सुविधा की दरे भी निर्धारित कर दी गई हैं। डीसी अमित खत्री ने बताया कि ज्यादातर कोरोना संक्रमित ऐसे हैं, जिनमें बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं, लेकिन जांच में वह संक्रमित पाए जा रहे हैं। ऐसे मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए मरीज को अलग कमरा व अलग शौचालय चाहिए। मगर कुछ घरों में इसके लिए पर्याप्त जगह नहीं होती। ऐसे मरीजों के लिए जिला प्रशासन ने अन्य स्थानों पर आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध कराई है, जिसके लिए मरीज को शुल्क भी नहीं देना पड़ेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jdcUYl

0 comments: