
ललितपुर. उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में स्थित एक शॉपिंग मॉल में सोमवार को दो महिलाएं सामान चुराते हुए सीसीटीवी में कैद हो गईं। शक होने पर मॉल संचालक ने महिलाओं का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दो दिन पहले भी यहां दो महिलाएं सामान चुराते हुए पकड़ी गई थीं। लेकिन माफी मांगने पर उन्हें छोड़ दिया गया था। कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी।
कोतवाली सदर अन्तर्गत घंटाघर मुख्य बाजार में भारत बाजार शॉपिंग मॉल है। सोमवार दोपहर संचालक कपिल डोडवानी रिसेप्शन पर बैठे हुए थे, तभी दोपहर 2 बजे के दरम्यान दो महिलाएं एक बच्चे को गोद में लेकर मॉल में दाखिल हुईं। इस दौरान महिलाओं ने सामान अपने कपड़ों व बैग में रख लिया। आधे घंटे बाद महिलाएं दूसरी मंजिल से नीचे आयीं। एक महिला गोद में बच्चे को लेकर बाहर निकल गयी। महिला ने मात्र दो क्रीम खरीदने की बात काउंटर पर बतायी। जिस पर डोडवानी ने उसका बिल 95 रुपए लिया।
महिला सावरकर चौक की ओर चली गयी। तभी मॉल में कार्यरत महिला कर्मचारी ने बताया कि महिला ने काफी सामान उठाया है, जिसके बाद संचालक ने तत्काल सीसीटीवी कैमरे को खोलकर देखा तो उसने महिलाओं द्वारा लगभग 7-8 हजार रुपये कॉस्मेटिक व खाने-पीने का सामान उठाकर अपने कपड़ों व बैग में रखा था। इसके बाद संचालक ने महिलाओं का पीछा किया तो आजाद चौक के पास पकड़ में आ गयीं। हालांकि महिलाओं ने सामान किसी अन्य महिला के हाथों पहुंचा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को कोतवाली ले आयी।
कपिल डोडवानी ने बताया कि 11 जनवरी को भी दो महिलाएं खरीदारी करने के लिए मॉल में आयी थीं। उन महिलाओं द्वारा भी 5-6 हजार का सामान कपड़ों के अंदर रख लिया था। जब महिलाओं से कड़ाई से पूछताछ की तो सामान वापिस कर दिया था, यह घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गयी थी, लेकिन महिलाओं द्वारा माफी मांग लेने के चलते उन्हें छोड़ दिया गया था। डोडवानी ने बताया कि यह महिलाएं कस्बा जाखलौन की थीं और जो आज पकड़ी गयीं वह भी जाखलौन की बतायी गयी हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3a731Ia
0 comments: