लखनऊ/गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शहीद अशफाक उल्ला खां के नाम पर प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) बनाया जा रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट ने प्राणि उद्यान की तृतीय पुनरीक्षित लागत 234.36 करोड़ रूपए को मंजूरी दी है। इस चिड़ियाघर में 58 से ज्यादा प्रजाति के 387 वन्य जीव-जंतु रखे जाएंगे। यहां आने वाले पर्यटकों को सांपों का संसार देखने को मिलेगा। चिड़ियाघर के निर्माण का कार्य यूपी राजकीय निर्माण निगम की तरफ से किया जा रहा है।
गोरखपुर में चिड़ियाघर 121.34 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहा है। यहां सांपों का संसार देखना सुलभ हो सकेगा। देश में पाए जाने वाले विभिन्न प्रजातियों के सांपों के अलावा दक्षिण अफ्रीका समेत कुछ अन्य देशों से भी कुछ सांपों को मंगाने की तैयारी है। दक्षिण अफ्रीका से इसे मंगाने के लिए विभागीय तैयारी शुरू कर दी गई है।
58 से ज्यादा प्रजाति के 387 वन्य जीव-जंतु रखे जाएंगे। इनमें विभिन्न प्रकार के पक्षियों के अलावा बब्बर शेर, बाघ, तेंदुआ, गैंडा, जेब्रा, दरियाई घोड़ा, लकड़बग्घा, भेड़िया, दो प्रजाति के भालू, तीन प्रजाति के बंदर, छह प्रजातियों के हिरण के अलावा घड़ियाल और मगरमच्छ भी रखे जाएंगे। इसके अलावा तितली पार्क, मछलियों के एक्वेरियम आदि भी रखे जाएंगे। इन सभी में आकर्षण का केंद्र होगा स्नेक हाउस, यानी सांपों का घर। इसमें देश के विभिन्न प्रजातियों के सांपों के अलावा विदेशों से भी सांपों को मंगाने की तैयारी है। इनमें वाइपर, पिट वाइपर, किंग कोबरा, करैत, धामिन, अजगर आदि शामिल हैं।
होगा ओपन थियेटर, खेल और मनोरंजन के भी इंतजाम
चिड़ियाघर के अंदर ओपन थियेटर, कैफेटेरिया, कियॉस्क, गजेबो और टवॉय ट्रेन जैसी मनोरंजन की तमाम सुविधाएं मौजूद होंगी। चिड़ियाघर के बीचोबीच कियॉस्क मौजूद होंगे जहां दर्शकों के खाने पीने का इंतजाम होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SZSatn

0 comments: