Wednesday, August 26, 2020

दिल्ली में फिर बढ़े कोरोना केस, अब सरकार दोगुने करेंगी टेस्ट, मौतें शून्य करने का लक्ष्य

राजधानी में पिछले एक सप्ताह से कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कोरोना टेस्ट दोगुना करने का फैसला किया है। बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऑनलाइन प्रेसवार्ता में कहा कि अभी तक प्रतिदिन 20 हजार टेस्ट हो रहे हैं, जिसे एक सप्ताह के अंदर बढ़ा कर 40 हजार किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कोरोना के केस में कमी आ रही हैं, मौतों में भी कमी आ रही है, रिकवरी दर भी काफी ठीक हो गया है, लेकिन 17 अगस्त से कोरोना के केस में थोड़ी बढ़ोतरी दिख रही है। हमें स्थिति को खराब नहीं होने देना है।

केजरीवाल ने कहा कि मंगलवार शाम को जो सोमवार के केस की रिपोर्ट जारी की गई। उसमें 1544 केस थे। बुधवार को मंगलवार के केस की जारी रिपोर्ट में 1693 केस है। इस तरह देखा जाए तो दिल्ली में थोड़े केस बढ़े है। दिल्ली में बाकी सभी पैरामीटर ठीक है। कोरोना तेजी से बढ़ रहा है, ऐसा नहीं नजर आ रहा है। हमारी रणनीति टेस्ट और आईसोलेट की ही रहेगी, जो पहले थी। जितने भी लोग हैं उनको आक्रमक तरीके से चिन्हित करके जांच की जाएगी और आवश्यकतानुसार आईसोलेट किया जाएगा।

निगेटिव रिपोर्ट के बाद भी सांस लेने में दिक्कत तो ऑक्सीमीटर देंगे
केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिनों से एक नई प्रवृत्ति देखने को मिल रही है कि लोग अस्पताल से ठीक होकर घर आ जाते हैं, उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ जाती है, लेकिन उनमें कई सारे लक्षण दूर नहीं हो रहे है। उनमें सांस की तकलीफ बनी रहती है। ऑक्सीजन की कमी बनी रहती है। ऐसे कुछ मरीजों की कोरोना से ठीक होने के बाद भी मौत हो गई है।

इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है कि जो भी लोग अस्पताल से ठीक होकर घर आ जाते हैं, उनमें यदि लक्षण हैं, डॉक्टर कहते हैं तो उनको घर पर इस्तेमाल करने के लिए ऑक्सीमीटर कुछ दिन के लिए और दे देंगे। यदि ऑक्सीमीटर पर मापने पर उनका ऑक्सीजन स्तर कम हो जाता है और जरूरत पड़ती है तो उनको ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दे देंगे, ताकि उन्हें अस्पताल जाने की जरूरत न पड़े और वो घर पर ही ऑक्सीजन ले सकेंगे।

मॉस्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें
केजरीवाल ने कहा यदि कोई भी मास्क पहने हुए नहीं मिलता है, तो उस पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। सभी से अनुरोध है कि आप सभी लोग मास्क पहन कर ही घर से निकलें और सब लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें। इससे आप जुर्माने की कार्रवाई से बच सकते है। इस मामले में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सख्ती करने के निर्देश दिए है। यदि आपका चालान कटता है तो फिर बुरा ना मानें।

दिल्ली में 24 घंटे में बढ़े 62 कंटेंनमेंट जोन

राजधानी में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए दिल्ली सरकार लगातार कदम उठा रही है। दिल्ली में कोरोना के नए मामले के साथ ही अब कंटेंनमेंट जोन में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटे में 62 कंटेंनमेंट जोन की संख्या बढ़ गई है। बुधवार को राजस्व विभाग की तरफ से जारी कंटेंनमेंट जोन की रिपोर्ट में कंटेंनमेंट जोन की संख्या 716 पहुंच गई है। जबकि मंगलवार की रिपोर्ट में कंटेंनमेंट जोन की संख्या 654 थी। दिल्ली सरकार के अधिकारियों का कहना है कि कंटेंनमेंट जोन की मॉनीटरिंग करने के लिए माइक्रो स्तर पर जोन का निर्माण किया जा रहा है।

केजरीवाल का ध्यान उत्तराखंड और पंजाब पर: आदेश गुप्ता
दिल्ली में फिर से कोरोना के मरीजों की बढ़ रही संख्या को लेकर प्रदेश भाजपा ने पत्रकार वार्ता कर फिर से दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, मीडिया प्रभारी अशोक गोयल के साथ वीडियो क्लिप दिखाते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आपसी मतभेद साफ जाहिर हो रहा है, जिसका खामियाजा दिल्ली की जनता भुगत रही है।

वीडियो में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री केस कम होने का दावा करते हुए मेट्रो चलाने के लिए कह रहे हैं तो उपमुख्यमंत्री केस ज्यादा होने की बात कह कर नीट एग्जाम स्थगित करने की बात कह रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि इन दिनों दिल्ली सरकार मूल समस्याओं पर ध्यान देने की बजाए अन्य राज्यों में जनाधार बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।

दिल्ली में कोरोना के मामलों में फिर से बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन दिल्ली सरकार का पूरा ध्यान उत्तराखंड, पंजाब में जनाधार बढ़ाने पर है। मुख्यमंत्री केजरीवाल को दिल्ली की जो जिम्मेदारी लोगों ने उन्हें सौंपी है वह सही ढंग से नहीं निभा पा रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Corona case again increased in Delhi, now government will double test, target to reduce deaths


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32tahen

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: