Friday, August 21, 2020

बल्लभगढ़ अनाज मंडी में दुकानदार को गोली मारकर 80 हजार लूटने वाले 3 बदमाश 8 माह बाद गिरफ्तार

बल्लभगढ़ अनाज मंडी में 8 दिसंबर 2019 को एक दुकानदार को गोली मारकर 80 हजार रुपए लूटने वाले 3 बदमाश 8 माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने लूट की इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी प्रशांत उर्फ भोलू को 18 अगस्त को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर बादल पुत्र विनोद, कपिल पुत्र वेद प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपी पलवल जिले के रहने वाले हैं।
एसीपी धारणा यादव के अनुसार 8 दिसंबर 2019 की शाम को बल्लभगढ़ मंडी में सोनू अपनी दुकान पर भाई व दो नौकरों के साथ कामकाज में व्यस्त थे। इसी समय 3 युवक हथियारों से लैस होकर दुकान में घुसने लगे तो सोनू ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर युवक मारपीट कर हथियार के बल पर दुकान के गल्ले में रखे 80000 लूटकर भागने लगे। दुकान मालिक सोनू के विरोध करने पर एक आरोपी ने सोनू को गोली मार दी। इसके बाद सभी फरार हो गए थे। यह केस आदर्श नगर थाने में दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के प्रभारी विमल राय और उनकी टीम को तफ्तीश के दौरान कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह 8 दिसंबर 2019 को अपने अन्य साथी आकाश व संदीप के साथ एक बाइक व एक वैगनआर कार में सब्जी मंडी बल्लभगढ़ में लूट की नियत से पहुंचे थे। वहां किराने की बड़ी दुकान देखी तो उसी को लूटने का प्लान बनाया और 80000 रुपए लूट लिए। विरोध किया तो दुकानदार को गोली मार दी थी। इस वारदात का मास्टरमाइंड प्रशांत उर्फ भोलू है। यह एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ पहले से ही कई केस दर्ज हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hn6oxY

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: