Monday, February 17, 2020

लपटों में फंसकर 20 मिनट तक वैन में चीखते रहे लोग; आग बुझने पर गेट तोड़ा गया तो निकले 7 कंकाल

उन्नाव. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार शाम गलत दिशा से आ रही वैन उन्नाव टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और सात लोग जिंदा जल गए।प्रत्यक्षदर्शी नसीरपुर गांव के अकमल ने बताया- हादसे के बाद आग इतनी भयावह थी कि वैन में सवार लोग दरवाजा तक नहीं खोल सके। आसपास के लोग भी नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। करीब 20 मिनट तक वैन के भीतर चीखने की आवाजें आती रहीं और धीरे-धीरे शांत हो गई। करीब डेढ़ घंटे बाद आग बुझने पर वैन का गेट तोड़कर कंकाल निकाले गए। जिनकी पहचान करना मुश्किल था।

बारात में जा रहे वैन सवार लोग
उन्नाव शहर के पीतांबर नगर निवासी ऋषि शुक्ला की शादी हरदोई जिले के नई बस्ती गांव निवासी राघवेंद्र मिश्रा की बेटी गोल्डी से तय हुई थी। रविवार को शादी थी। इसलिए ऋषि ने अंकित बाजपेई की वैन बरातियों को हरदोई ले जाने के लिए बुक कराया था। अंकित खुद वैन लेकर गया था। ऋषि के मामा शंभू अवस्थी, भतीजा हिमांशु मिश्रा, बुआ का बेटा अमित मिश्रा, कल्लू, अंकित बाजपेई, अभिषेक तिवारी व खजान सिंह यादव वैन में सवार थे। हादसे में ये सभी जिंदा जल गए। शादी की रस्में गमगीन माहौल में निभाई गईं। रात में ही अधिकांशरिश्तेदार वापस चले गए थे। सोमवार सुबह दुल्हन को विदा कर दिया गया।


एलपीजी से चल रही थी वैन, ट्रक पर लोड तेल के डिब्बों से भड़की आग
वैन एलपीजी से चल रही थी। यह भी कहा जा रहा है-वैन रजिस्ट्रेशन पेपर पर पेट्रोल चलित वाहन के रूप में दर्ज है। वहीं, जिस ट्रक से वैन की टक्कर हुई, उसमें सरसों तेल के डिब्बे लदे हुए थे। आग तेल के डिब्बों तक पहुंच गई थी,जिससे लपटें भयावह हो गईं। इससे वैन में लगी आग और भड़क गई। आग बुझाने में तीन बार दमकल को पानी भरकर लाना पड़ा। जब आग पर पूरी तरह काबू पाया गया तो वैन को ट्रक से खींचकर बाहर लाया गया और गेट तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया।

एसपी ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की : एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि शिनाख्त किए गए शवों का पंचनामा भरवाया गया है। डीएनए टेस्ट के लिए नमूने लिए गए हैं। शव बुरी तरह से जल चुके थे, जिनकी पहचान किया जाना मुमकिन नहीं हो रहा था।

कब क्या हुआ-
7:05 बजे -
वैन और ट्रक में टक्कर से तेज आवाज के बाद आग।
7:15 बजे - बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
7:30 बजे - बांगरमऊ अग्निशमन विभाग की दमकल पहुंची।
8:00 बजे - सीओ बांगरमऊ घटनास्थल पर पहुंचे।
9:00 बजे - एसपी व एसडीएम घटनास्थल पर पहुंचे।
9:30 बजे - वाहनों को रोड से हटवाकर आवागमन सुचारू किया गया।

कन्नौज में हुआ था दर्दनाक हादसा
बीते 10 जनवरी को कन्नौज के छिबरामऊ में ट्रक से टक्कर के बाद रोडवेज बस में आग लग गई थी। बस की आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में 20 लोग जिंदा जल गए थे। लेकिन, प्रशासन ने हादसों से सबक नहीं ले रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
हादसे के बाद राहत बचाव कार्य में जुटे लोग।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38CwVmy

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: