Wednesday, February 19, 2020

कॉलेज प्रबंधक ने नकल के लिए छात्रों को उकसाया; कहा- बात न बने तो 100 का नोट कॉपी में रख देना, टीचर पास कर देगा

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक स्कूल के प्रबंधक द्वारा बोर्ड परीक्षा में छात्रों को नकल के लिए उकसाने का वीडियो सामने आया है। प्रबंधन ने छात्रों से कहा कि, परीक्षा कक्ष में आपस में बात करना नकल नहीं है। कोई एक या दो थप्पड़ मार भी दे तो सहन कर लेना। हर सवाल का जवाब लिखना। बात न बने तो उत्तर पुस्तिका में 100 का नोट रख देना। कॉपी जांचने वाला आंख बंदकर पास कर देगा। जिस पर जिला प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद के निर्देश पर आरोपी प्रिंसपल पर एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

फेयरवेल पार्टी के दौरान प्रबंधक ने दिया ज्ञान
मऊ जिले के मधुबन में हरिवंश मेमोरियल इंटर कॉलेज है। कॉलेज के प्रबंधक ने बोर्ड परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी के दौरान ही प्रबंधक प्रवीण मल्ल कुछ अभिभावकों की उपस्थिति में बच्चों को राज्य सरकार द्वारा नकल को रोकने के लिए किए गए उपायों की जानकारी देते हुए नजर आए। उन्होंने यह भी कहा कि, प्रशासनिक सख्ती से डरने की जरुरत नहीं है। मैं चुनौती दे सकता हूं कि मेरे छात्रों में से कोई भी कभी भी असफल नहीं होता है।

छात्रों को डरने की कोई जरुरत नहीं है। आप एक-दूसरे से बात करें, यह ठीक है। सरकारी स्कूल, परीक्षा केंद्रों के शिक्षक मेरे दोस्त हैं। यहां तक ​​कि अगर आप पकड़े जाते हैं और कोई आपको थप्पड़ एक या दो देता है, डरें नहीं। बस इसे सहन करें। बात न बने तो उत्तर पुस्तिका में 100 रुपए की नोट रख देना। कापी जांचने वाला अध्यापक आंख बंदकर नंबर दे देगा। वीडियो वायरल होने पर जिला प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया। कोई जवाब न छोड़ें। भले ही आप किसी प्रश्न का गलत उत्तर दें, जो चार अंकों के लिए हो, वे आपको तीन अंक देंगे। उन्होंने जय हिंद, जय भारत नारे के साथ संबोधन का समापन किया।

डीआईओएस बोले- ऐसी हरकत पर जेल भेजने से कम नहीं होगी कार्रवाई
डीआईओएस डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने कहाञ शासन हर कदम पर नकल रोककर प्रदेश में शैक्षिक वातावरण बनाने में लगा है। ऐसे में स्कूल संचालक हो या कोई आम आदमी यदि नकल को बढ़ावा देने वाली हरकत रिकॉर्ड के तौर पर आएगी तो उसके विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजने से कम की कार्रवाई नहीं होगी।


बीते मंगलवार से शुरु हुई बोर्ड परीक्षाएं
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुई हैं। इस परीक्षा में इंटरमीडिएट के 25,84,511 छात्र तो हाईस्कूल के 30,20,607 छात्र भाग ले रहे हैं। कुल 56,07,118 परीक्षार्थियों की निगरानी के लिए 1 लाख 91 हजार सीसीटीवी लगाए गए हैं। नकल विहीन परीक्षा के लिए करीब 700 संवेदनशील और 275 अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर प्रशासन की खास नजर है। लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम में 60 मॉनिटर लगाए गए हैं। वहीं हर जिले में भी कंट्रोल रूम बनाया गए हैं, जहां जिलाधिकारी द्वारा नामित प्रशासनिक अधिकारी तैनात किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
परीक्षार्थियों को नकल करने का तरीका बताते स्कूल प्रबंधक।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2V1QBfA

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: