Friday, January 10, 2020

चीख पुकार से कांप रहा था कलेजा; बस में सवार यात्री ने बताया- हादसे के बाद हो गया विस्फोट, सवारियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला

कन्नौज. जिले के घिलोई के पास आमने-सामने भिड़ंत के बाद ट्रक और स्लीपर बस में आग लग जाने से दोनों ही वाहन धू-धूकर जल उठे। बस में मची चीख पुकार से आसपास एकत्र हुए लोगों का कलेजा कांप जा रहा था। बस में सवार एक यात्री ने बताया कि बस की खिड़की से किसी तरह बाहर कूदने में सफल रहा लेकिन उसके बाद बस के भीतर तेज विस्फोट हो गया, जिसके बाद यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। बाहर खड़े लोग यात्रियों को बचाना चाह रहे थे लेकिन आग की लपटें देख किसी की हिम्मत नहीं पड़ रही थी।

बस में से घायल अवस्था में निकले यात्री रामप्रकाश ने बताया, ''हादसे के बाद बस में विस्फोट हो गया। इससे सवारियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। कुछ ही देर बाद बस में एक के बाद एक तीन विस्फोट हुए। अचानक बस में हुए विस्फोट के बाद कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। बस से यात्रियों की चीखें सुन लोगों का कलेजा कांप गया।''

हर कोई बस में फंसे लोगों को निकाला चाहता था,आग की लपटें देख किसी की हिम्मत नहीं हुई
रामप्रकाश के मुताबिक, ट्रक व स्लीपर बस में आमने-सामने की भिड़ंत के बाद लगी आग की जानकारी पर नगर के अलावा आसपास के क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हर कोई बस में फंसे लोगों को बचाना चाहता था, लेकिन आग की भयंकर लपटें देख कोई भी पास में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

असहाय बना रहा प्रशासन, टैंकर का पानी भी हो गया खत्म
हादसे के बाद स्लीपर बस में सवारियां जल रही थीं। लोगों की मदद के प्रशासन के तमाम इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे थे। दमकल पानी खत्म होने से लौट गई। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए पड़ोसी जनपद मैनपुरी से दमकल मंगाई गई। इसके बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

दरअसल, फर्रुखाबाद की स्लीपर बस गुरसहायगंज से सवारियां लेकर जयपुर जा रही थी। छिबरामऊ से करीब चार किलोमीटर दूर ग्राम घिलोई के पास बेवर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी जल्दी विकराल हो उठी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। अधिकारियों के मुताबिक बस में सवार नौ लोगों और ट्रक से एक लोग का शव बरामद किया जा चुका है। मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
ट्रक से हुई टक्कर के बाद धू धू करके जलती यात्री बस (फाइल फोटो)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2QHopMd

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: