अलीगढ़. भाजपा सांसद सतीश गौतम ने शुक्रवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोफेसर तारिक मंसूर को खुला खत लिखा है। सांसद ने कहा- एएमयू में जो शैक्षणिक कार्य होना चाहिए था, उसकी जगह वहां पर शिक्षक और छात्र वातावरण को जहरीला बनाने में लगे हुए हैं। विश्वविद्यालय एक देश विरोधी गतिविधियों का मंच बना हुआ है। इस पर आप कठोर से कठोर निर्णय लेने का कष्ट करें। दरअसल, गुरुवार को छात्रों ने सीएएम के खिलाफ मार्च निकालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए थे। इस मामले में पुलिस ने 25 छात्रों पर केस दर्ज किया है।
पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा- बच्चों का इस तरह का नारा लगाना, यह यूनिवर्सिटी के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और इस देश के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है। वीसी को यह देखना चाहिए। यहां पर जो रजिस्ट्रार आईपीएस लगाया गया है, वह इसलिए लगाया गया है कि कम से कम ऐसे कृत्य करने वाले बच्चों के ऊपर कठोर कार्रवाई करें। उनको या तो निष्कासित किया जाए या उनको नोटिस दिया जाए। उनके परिवार को भी अवगत कराया जाए कि आपके बच्चे जो पढ़ने आए हैं, वह शिक्षा प्राप्त न कर के देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। देश के विरोध में बोलने वाले इंसान को वहां बुलाया जाता है। उसकी सपोर्ट की जाती है। धीरे-धीरे अलीगढ़ यूनिवर्सिटी देश विरोधी गतिविधियों का अड्डा बनती जा रही है।
सांसद ने कहा- यूनिवर्सिटी की जो स्थापना हुई है, वह केंद्र शासित है। जैसे बीएचयू है, ऐसे ही एएमयू है। यह यूनिवर्सिटी बच्चों के जो गरीब परिवार के बच्चे हैं, वह अच्छी शिक्षा प्राप्त करें। इसके लिए बनी है। लेकिन हो क्या रहा है? पिछले दिनों से देखा जा रहा है कि कुछ लोग जो अन्य पार्टियों में लिप्त हैं, उसमें चाहे कांग्रेस हो या लेफ्ट हो चाहे कोई भी हो, बच्चों को हवा देते हैं।
सांसद ने कहा- कुछ बच्चे पढ़ने नहीं आते, वह अपनी राजनीति चमकाने आते हैं। उनकी मंशा होती है कि, हम देश को गाली देंगे, भाजपा को गाली देंगे, मोदी को गाली देंगे, अमित शाह को गाली देंगे उतना ही हमें अन्य पार्टियों में स्थान मिल जाएगा। इसलिए ये और ज्यादा होता है। चाहे जेएनयू हो चाहे एएमयू, इसलिए ज्यादा ड्रामा हो रहा है। नागरिक संशोधन बिल वाला मामला जो है, वह इन बच्चों को पढ़ना चाहिए आप शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। लेकिन आप उसको पढ़ नहीं रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/309qp38

0 comments: