लखनऊ/गाजीपुर. उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में वाराणसी एसटीएफ ने छावनी स्थित बुद्धम शरणम इंटर कॉलेज में टीईटी-2019 की परीक्षा में नकल कराने के आरोप में कालेज के प्रिंसपल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। नकल वाट्सऐप के जरिए कराई जा रही थी। पकड़े गए प्रिंसपल पारस सिंह पर आरोप है कि वह अभ्यर्थियों के पेपर हल करवा रहे थे। एसटीएफ की टीम सभी आरोपियों को पकड़ कर सदर कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछतांछ की जा रही है।
प्रदेश भर के जिलों में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2019 की आज दो पालियों में परीक्षा हो रही है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से साढ़े 12 बजे तक हुई। दूसरी पाली की परीक्षा ढाई बजे से शुरू हुई है, जो शाम पांच बजे तक होगी।
प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 1986 व उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 1063 केंद्र बनाए गए हैं। प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 1076336 व उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 569174 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। यह परीक्षा पहले 22 दिसंबर को होनी थी लेकिन, सूबे में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदेश में आंदोलन-प्रदर्शन के कारण परीक्षा आठ जनवरी को कराई जा रही है।
गाजीपुर के जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य का कहना है कि वाराणसी एसटीएफ ने नकल सामग्री से नकल कराते समय चार लोगों को पकड़ा है, मामले में जिसकी भी संलिप्तता रहेगी बख्शा नहीं जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35xNYDK

0 comments: