जीवन मंत्र डेस्क. नया साल 2020 शुरू हो गया है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार हर चार साल में एक लीप इयर होता है। 2020 भी ऐसा ही एक लीप वर्ष होगा, इसमें फरवरी माह में 28 नहीं, बल्कि 29 दिन का रहेगा। नए साल की शुरुआत बुधवार से होगी और अंत गुरुवार को होगा। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के अनुसार 2020 में ज्योतिष के नजरिए से कई बड़ी घटनाएं होने वाली हैं। इस साल सूर्य ग्रहण के साथ ही शनि, राहु-केतु का राशि परिवर्तन होगा। इस बार कार्तिक मास की अमावस्या शनिवार को रहेगी, इस वजह से दीपावली शनिवार को मनाई जाएगी। जानिए 2020 से जुड़ी खास बातें...
सवाल- इस साल कितने सूर्य ग्रहण होंगे और क्या ये भारत में दिखाई देंगे?
जवाब- 2020 में दो सूर्य ग्रहण होंगे, जिसमें से एक ही भारत में दिखाई देगा। भारत में दिखाई देने वाला सूर्य ग्रहण 21 जून 2020 को होगा। भारत में ये ग्रहण खंडग्रास के रूप में दिखेगा। 21 जून की सुबह 10.13 बजे से शुरू होकर दोपहर 1.39 तक रहेगा। इसका सूतक भारत में रहेगा। इसके बाद दूसरा सूर्य ग्रहण 14 दिसंबर को होगा। ये ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। इस वजह से भारत में इस ग्रहण का सूतक नहीं रहेगा।
सवाल- इस साल शनि राशि कब बदलेगा और किन राशियों पर ढय्या-साढ़ेसाती शुरू होगी?
जवाब- जनवरी 2020 में 23-24 तारीख की मध्य रात्रि में शनि धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा। इस राशि परिवर्तन के संबंध में पंचांग भेद भी हैं। मकर शनि की ही राशि है। अब वृश्चिक राशि से साढ़ेसाती उतर जाएगी और कुंभ राशि पर शुरू हो जाएगी। धनु राशि पर साढ़ेसाती का अंतिम ढय्या रहेगा और मकर राशि पर दूसरा ढय्या रहेगा। वृषभ और कन्या राशि से शनि का ढय्या खत्म होगा। मकर राशि में शनि आने से मिथुन और तुला राशि पर ढय्या शुरू हो जाएगा। 11 मई से 29 सितंबर तक शनि वक्री रहेगा। ये ग्रह मकर राशि में मई 2022 के अंत तक रहेगा।
सवाल- 2020 में शिवरात्रि कब मनाई जाएगी?
जवाब- इस साल फरवरी में शुक्रवार, 21 तारीख को शिवरात्रि मनाई जाएगी। पं. शर्मा के अनुसार महाशिवरात्रि रात्रि का पर्व है और चतुर्दशी तिथि पर मनाया जाता है। 21 फरवरी की शाम तक त्रयोदशी रहेगी और रात्री में चतुर्दशी तिथि रहेगी। अगले दिन 22 फरवरी को दिनभर चतुर्दशी रहेगी, लेकिन रात में अमावस्या तिथि शुरू हो जाएगी। इस कारण 21 फरवरी को ही शिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा।
सवाल- गुरु का राशि परिवर्तन कब होगा और ये ग्रह कब से कब तक वक्री रहेगा?
जवाब- इस साल गुरु ग्रह 3 बार राशि बदलेगा। ये ग्रह 29 मार्च को धनु से मकर राशि में प्रवेश करेगा। 14 मई को ये वक्री हो जाएगा। 29 जून को वक्री गुरु धनु राशि में जाएगा। 13 सितंबर को गुरु मार्गी होगा। 20 नवंबर को फिर से मकर राशि में प्रवेश करेगा।
सवाल- 2020 में होली कब है?
जवाब- 2020 में 9 मार्च की रात होलिका दहन होगा और 10 मार्च को होली खेली जाएगी। इस साल रंगपंचमी शनिवार को आएगी।
सवाल- हिन्दी नववर्ष कब से शुरू होगा और इस साल कौन सा संवत रहेगा?
जवाब- 25 मार्च 2020 बुधवार से नया हिन्दी वर्ष शुरू होगा। इस साल संवत् 2077 रहेगा। बुधवार, 25 मार्च से ही देवी पूजा का महापर्व चैत्र नवरात्रि भी शुरू होगी। संवत् 2077 के स्वामी बुध और मंत्री चंद्रदेव रहेंगे। चंद्र, बुध के पिता हैं, लेकिन बुध चंद्र से शत्रु का भाव रखता है। गुरुवार, 2 अप्रैल को रामनवमी मनाई जाएगी।
सवाल- ज्योतिष के नजरिए से नए साल में बारिश कैसी रहेगी?
जवाब- इस साल जून में वर्षा का आगमन हो जाएगा। इस साल देश में पुष्कर नामक मेघ वर्षा करेंगे। बुध संवत् 2077 का स्वामी है, इस वजह से अच्छी बारिश होने के योग हैं। इस साल कुल 20 अच्छी बारिश होने के योग हैं और शीतकाल में 4 बार बारीश हो सकती है।
सवाल- सावन माह कब से कब तक रहेगा और इस साल कितने सावन सोमवार आएंगे?
जवाब- 2020 में सोमवार, 6 जुलाई से सावन माह शुरू होगा और इस माह का अंत सोमवार, 3 अगस्त को श्रावणी पूर्णिमा पर होगा। इस दिन रक्षाबंधन मनाया जाएगा। इस साल सावन माह में 5 सोमवार आएंगे।
सवाल- 2020 लीप इयर है तो क्या इस साल हिन्दी पंचांग में भी अधिकमास आएगा?
जवाब- संवत् 2077 में अधिकमास रहेगा। 18 सितंबर से 16 अक्टूबर तक आश्विन मास का अधिकमास होगा। इससे पहले 2016 में अधिकमास आया था। अधिकमास को पूजा-पाठ के बहुत ही पवित्र माना गया है। इस माह में दान-धर्म, कथा श्रवण करना श्रेष्ठ रहता है।
सवाल- शारदीय नवरात्र कब शुरू होंगे?
जवाब- शनिवार, 17 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू होगी। 25 को दुर्गानवमी और 26 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा।
सवाल- राहु-केतु कब राशि बदलेंगे?
जवाब- इस राशि राहु-केतु का भी राशि परिवर्तन होगा। ये ग्रह 18 माह में राशि बदलते हैं और हमेशा वक्री रहते हैं। मंगलवार, 22 सितंबर की रात राहु और केतु भी राशि बदलेंगे। राहु राशि बदलकर मिथुन से वृषभ में प्रवेश करेगा और केतु राशि बदलकर धनु से वृश्चिक में जाएगा। वृषभ राहु की मित्र राशि और वृश्चिक केतु की मित्र राशि है।
सवाल- इस साल दीपावली कब मनाई जाएगी?
जवाब- इस वर्ष दीपावली शनिवार, 14 नवंबर 2020 को मनाई जाएगी। कार्तिक मास की अमावस्या शनिवार को आने से ये शनिश्चरी अमावस्या रहेगी। शनिवार को दीपावली आना व्यापार के नजरिए से चिंताजनक हो सकती है।
0 comments: