Monday, January 20, 2020

आज लखनऊ में सीएए पर सभा करेंगे गृहमंत्री अमित शाह; अवध प्रांत के 15 जिलों के कार्यकर्ता जुटेंगे

लखनऊ. देश के गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। वे आज लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली करेंगे। यह रैली बंगला बाजार के रेल नगर कॉलोनी में स्थित रामकथा पार्क में होगी। जिसमें अवध प्रांत के 15 जिलों के कार्यकर्ताओं को बैठाने के लिए जोनवार इंतजाम किया गया है। रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ व अन्य शीर्ष नेता शामिल होंगे।


संगठन व सरकार ने किया जनसंपर्क

रैली की सफलता के लिए संगठन से लेकर सरकार तक सभी पदाधिकारी जुटे हैं। एक दिन पहले सोमवार को यूपी के भाजपा संगठन महामंत्री सुनील बंसल, भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष व कैंट क्षेत्र से विधायक सुरेश चन्द्र तिवारी और प्रदेश उपाध्यक्ष व अवध क्षेत्र प्रभारी जेपीएस राठौर ने रैली ने तैयारियों पर चर्चा की। समर्थन जुटाने के लिए लखनऊ में मंत्री, विधायक सड़क पर निकले और जनसम्पर्क किया। मंत्री ब्रजेश पाठक ने अमीनाबाद बाजार, लखनऊ पश्चिमी से विधायक सुरेश श्रीवास्तव ने राजाजीपुरम और लखनऊ उत्तरी से विधायक नीरज बोरा ने सीतापुर रोड पर डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर जनसभा में पहुंचने की अपील की।

सीएए क्यों जरुरी, यह सभी का जानना अहम
मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा- सीएए क्यों जरुरी है? आम जनता को ये जानना चाहिए। देश में सीएए को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। मुस्लिम लोगों को डराया जा रहा है। रैली के बाद साफ हो जाएगा कि सीएए लागू होने से किसी को कोई खतरा नहीं है। नीरज बोरा ने कहा- सीएए व एनआरसी पर भ्रम को दूर कर लोगों को सच्चाई जाननी चाहिए। ये देश हिन्दू, मुस्लिम और विभिन्न धर्म व सम्प्रदाय के लोगों का देश हैं और रहेगा।


प्रत्येक मार्ग पर बनाए गए स्वागत द्वार
लखनऊ जिले को जोड़ने वाले प्रत्येक मार्ग पर स्वागत द्वार बनाए गए। जहां रैली में दूसरे जिलों से आने वालों का स्वागत होगा। लखनऊ जिले की सीमाओं पर व शहर भर में सीएए के समर्थन में होर्डिंग्स व बैनर लगाए गए हैं।

लखनऊ में तीन दिनों से सीएए के विरोध में धरना जारी
नागरिकता संशोधन काननू के विरोध में दिसंबर माह में उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में हिंसा हुई थी। इस दौरान 21 लोगों की जान गई। हिंसा में शामिल लोगों पर पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। उसके बाद अब प्रयागराज के अलावा राजधानी लखनऊ के घंटाघर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। महिलाएं यहां बीते तीन दिनों से धरने पर बैठी हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों व उनके समर्थकों की ओर से सोशलमीडिया पर विवादित पोस्ट भी हो रहे हैं। पुलिस ने ऐसे 112 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व देश के गृहमंत्री अमित शाह।- फाइल


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2THiJ6Z

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: