Tuesday, February 18, 2020

फरियादी बना दो घंटे के लिए सीओ ट्रैफिक, नियम तोड़ने वालों पर की कार्रवाई; एसएसपी ने दिया था चैलेंज

फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मंगलवार को बॉलीवुड फिल्म नायक की तर्ज पर सोनू नाम के युवक को दो घंटे के लिए 'सीओ ट्रैफिक' की जिम्मेदारी मिली। दरअसल, वह जाम की समस्या से परेशान था। वह मंगलवार को एसएसपी से शिकायत करने पहुंचा था। लेकिन एसएसपी ने उसे दो घंटे के लिए ट्रैफिक को संभालने की चुनौती दे दी। सोनू ने चुनौती को स्वीकार किया। इस दौरान पुलिसवालों ने उसके हर एक आदेश को माना। सुभाष चौराहे पर सोनू ने यातायात संभाला और 16 सौ रुपए समन शुल्क भी वसूले। जबकि, कई वाहन चालकों का चालान किया गया।

शिकायत करने पहुंचे सोनू को मिली नई जिम्मेदारी
एटा रोड स्थित अलावलपुर मोड़ निवासी सोनू चौहान मंगलवार को सुभाष चौराहे पर ट्रैफिक जाम में फंस गया। जिससे परेशान होकर वह सीधे एसएसपी कार्यालय यातायात अव्यवस्था की शिकायत करने पहुंच गया। उसने एसएसपी सचिंद्र पटेल को शिकायती पत्र देकर कहा- कई बार लिखित शिकायत की है, लेकिन यातायात में कोई सुधार नहीं है। आमजन घंटों इस जाम में फंसकर परेशान होते हैं।

एसएसपी ने उसकी बातों को ध्यान से सुना और एक दिन के लिए सीओ ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभालने की चुनौती दे दी। यह भी पूछा कि, अगर ये जिम्मेदारी मिल जाए तो व्यवस्था कैसे दुरुस्त करोगे? यह सुनकर पहले सोनू पशोपेश में पड़ गया। बाद में उसने इस चुनौती को स्वीकार कर लिया। उसके बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल ने सोनू को दो घंटे के लिए यातायात का प्रबंधन करने की जिम्मेदारी दी और उसे सर्कल अधिकारी के पद पर 'यातायात स्वयंसेवक' के रूप में नामित किया।


एसएसपी ने थाना प्रभारी प्रभाकर सागर व अन्य पुलिसकर्मियों को सोनू के हर आदेश को मानने के लिए कहा। सोनू सरकारी गाड़ी से सुभाष चौराहे पहुंचा, जहां उसने यातायात सुरक्षा बनियान और हेलमेट पहना कर अपना अभियान चलाया। सोनू ने अपने कर्तव्यों का निवर्हन करते हुए बस अड्डे पर अवैध रूप से खड़ी बसों को बाहर कराया।

16 सौ रुपए वसूले समन शुल्क
सोनू के साथ गए ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामदत्त शर्मा ने कहा, गलत पार्किंग के लिए और सड़क के गलत साइड पर गाड़ी चलाने के लिए आठ वाहनों को नोटिस जारी की गई थी। कुल 1,600 रूपए समन शुल्क जमा कराए गए। शेष जुर्माना राशि का भुगतान आरोपियों द्वारा यातायात कार्यालय में किया जाएगा। हम इस प्रयोग को जारी रखेंगे और यातायात की स्थिति में सुधार के लिए बेहतर सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। हमने दो घंटे तक सोनू के आदेशों का पालन किया और यातायात प्रवाह को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया।

ट्रैफिक पुलिस की समस्या को समझने का मौका मिला
सोनू ने कहा, "इस प्रयोग से मुझे ट्रैफिक हवलदारों की समस्या और अव्यवस्थित यातायात की मूल जड़ को समझने का मौका मिला है। यदि कोई वाहन गलत मोड़ लेता है, तो पूरी व्यवस्था चरमरा जाती है। मैं अब और अधिक जिम्मेदार नागरिक बनूंगा और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करूंगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Firozabad Traffic Police: Firozabad Man Beomes Traffic Police For Two Hours


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SXNanj

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: