गोरखपुर. शादी समारोह से देर रात घर लौट रही दो युवतियों के साथ ओला कैब में सवार चार शोहदों ने छेड़खानी शुरू कर दी। उन्होंने दो किलोमीटर तक स्कूटी सवार युवतियों का पीछा भी किया। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास पहले से पहुंचकर सड़क पर खड़े शोहदों ने दोनों युवतियों को पकड़कर जबरन कार में बैठाने की कोशिश भी की। लेकिन, स्कूटी चला रही युवती ने शोहदों की मंशा को भांपकर पहले स्कूटी को धीमा किया और उसके बाद तेजी से भाग निकली और सीधे पुलिस चौकी पर पहुंचकर मदद मांगी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश कर रही है।
सोमवार की रात करीब 9 बजे दो युवतियां स्कूटी से कैम्पियरगंज से गोरखपुर जा रहीं थीं। रास्ते में उनके साथ ओला कार सवार चार शोदहे छेड़खानी करने लगे। कार से ही शोहदों ने स्कूटी सवार दोनों युवतियों का दो किलोमीटर तक पीछा भी किया। वह अभी पीपीगंज नयनसर टोल प्लाजा के बाइक लेन से दस कदम आगे बढ़ी थी कि कार सवार चार शोहदे पहले से ही वहां पर पहुंच गए और घात लगाकर स्कूटी को रोककर दोनों युवतियों को कार में बैठाने की मंशा से चलती स्कूटी पर ही झपट पड़े। लेकिन, होशियारी दिखाते हुए स्कूटी चला रही युवती ने शोहदों से बचते हुए स्कूटी को तेज कर दिया और वहां से भागकर पुलिस बूथ पर पहुंचकर मदद मांगी।
गोरखपुर शहर की रहने वाली दोनों युवतियां स्कूटी से कैम्पियरगंज एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गईं थीं। दोनों शहर में ही पढ़ती हैं। शादी समारोह में शामिल होने के बाद दोनों रात में स्कूटी से घर के लिए निकलीं। दोनों युवतियां पीपीगंज कस्बे से आगे स्कूटी से बढ़ीं ही थीं कि पीछे से आ रहे कार सवार शोहदों की नजर उन पर पड़ गई। रात में स्कूटी सवार लड़कियों को देख वह कार कर शीशा नीचे कर छींटाकशी करने लगे। पहले तो लड़कियों ने उनकी हरकत को नजर अंदाज कर दिया। लेकिन, वह दो किलोमीटर तक उनका पीछा करते हुए नयनसर टोल प्जाल के पास पहुंच गए। नयनसर टोल प्लाजा से लड़कियों के आगे बढ़ने पर उनका हौसला और बढ़ गया और उन्होंने कार आगे बढ़ाकर उन्हें घेर लिया।
गोरखपुर के एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पीपीगंज पुलिस को कार सवार युवकों द्वारा स्कूटी सवार युवतियों के साथ छेड़खानी की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि इसके बाद तत्काल सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। दो शोहदों को गिरफ्त में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UsBwDE

0 comments: