लखनऊ. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पीएम मोदी द्वारा घोषित किए गए 'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' ट्रस्ट की पहली बैठक आज दिल्ली में दोपहर बाद होनी है। इस बैठक में शामिल होने के लिए जहां ट्रस्ट के सभी ट्रस्टी एकत्र होंगे वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के दो आईएएस अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। दिल्ली में आज होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या के तीनों ट्रस्टी महंत दिनेद्र दास, विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र और डॉ. अनिल मिश्र कल ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
उप्र के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और अयोध्या के जिलाधिकारी अनुज झा इस बैठक में शामिल होन के लिए दिल्ली गए हैं। सूत्रों के अनुसार ये दोनों अधिकारी अनाधिकृत तौर पर पर बैठक में हिसा लेंगे और राम मंदिर के निर्माण के लिए सुविधाएं मुहैया कराने और निर्माण के दौरानकानून व्यवस्था को नियंत्रित करने का जिम्मा संभालेंगे।
आज शाम को दिल्ली में होगी बैठक
श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली औपचारिक बैठक बुधवार को दिल्ली में होनी है। इसमें शामिल होने के लिए अयोध्या के तीनों ट्रस्टी महंत दिनेद्र दास, विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र और डॉ. अनिल मिश्र रवाना हो गए हैं। इसके अलावा महंत नृत्यगोपाल दास और विहिप नेता चंपत राय को भी ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
संभावना जताई जा रही है कि बैठक के दौरान नृत्य गोपाल और विहिप नेता चंपत राय को ट्रस्ट में शामिल करने का प्रस्ताव पेश किया जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट की पहली बैठक राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पते आर-20, ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में हो सकती है। यह वरिष्ठ वकील के. परासरण का घर है। हालांकि, बैठक होने या कहां होनी है इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
पीएम मोदी ने 'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' के गठन का ऐलान किया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच फरवरी को लोकसभा में ट्रस्ट के गठन का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए एक स्वायत्त ट्रस्ट का गठन कर दिया गया है। उन्होंने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार एक स्वायत्त ट्रस्ट 'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया है। ये ट्रस्ट अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मस्थली पर भव्य और दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण और उससे संबंधित विषयों पर निर्णय लेने के लिए पूर्ण रूप से स्वतंत्र होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2P7lBa4

0 comments: