Thursday, February 27, 2020

दाल-सब्जी व रोटी खाई, दवा लेने के बाद बैरक 1 में बिस्तर पर करवटें बदलते रहे; भोर में नींद लगी तो जगाकर सीतापुर भेजा गया

रामपुर. समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान, उनकी पत्नी विधायक तंजीन फातिमा व पूर्व विधायक अब्दुल्ला रामपुर जेल में पूरी रात अपने बिस्तर पर करवटें बदलते रहे। आंखों से नींद गायब थी। कभी अपनी घुड़की से अफसरों की आवाज मौन कराने वाले आजम खान के चेहरे पर बुढ़ापा साफ नजर आ रहा था। आवाज भी काफी मध्यम पड़ चुकी थी। रात 11 बजे खाना खाने के बाद तीनों लोग अपने बिस्तर पर लेट गए। लेकिन नींद नहीं आई। करीब तीन बजे थकान से आंखें भारी हो रही थीं कि जेल प्रशासन ने उन्हें उठा दिया। उसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सीतापुर जेल शिफ्ट कर दिया गया।

सिर झुकाकर नहीं दाखिल हुए, पूरा गेट खुलवाया
बुधवार की शाम करीब चार बजे जिला अदालत से आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा व बेटे अब्दुल्ला को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल लाया गया। जेल के बाहर आजम समर्थकों की काफी भीड़ थी। पुलिस की गाड़ी से उतरकर आजम ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया। नियमत: जेल लाए गए आरोपी को छोटे गेट से झुककर भीतर प्रवेश करना होता है। लेकिन आजम ने कर्मचारी से कहा- गेट खोलो। जेल का पूरा गेट खुलने पर आजम भीतर दाखिल हुए।

जेल जाने की थी जानकारी, इसलिए साथ लाए थे दवा
इससे पहले आजम खान ने अपर जिला न्यायाधीश-6 धीरेंद्र कुमार की अदालत को बताया था कि, उनकी तबियत ठीक नहीं रहती। पत्नी तंजीन भी बीमार चल रही हैं। वे सीढ़ियां तक नहीं चढ़ सकतीं। वो खुद सांसद व पत्नी विधायक हैं। इसलिए उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं दी जाएं। कोर्ट ने जेल प्रशासन को सांसद व विधायक के स्वास्थ्य की जांच कराने का निर्देश दिया। लिहाजा जेल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आजम व तंजीन का चेकअप किया। शायद आजम को इस बात का इल्म था कि, उन्हें जेल हो सकती है, इसलिए दोनों नेता अपने साथ दवाएं लेकर आए थे। डॉक्टरों ने दवाओं को चेक कर उन्हें सौंप दिया।

बैरक एक में रहे आजम-अब्दुल्ला, दाल-सब्जी व रोटी खाई
आजम खान व उनके बेटे अब्दुल्ला को जेल में बैरक नंबर एक में रखा गया था। जबकि, उनकी पत्नी तंजीन महिला बैरक में थी। रात 11 बजे तीनों लोगों ने अरहर की दाल, आलू व पत्ता गोभी की सब्जी व रोटी खाई। उसके बाद दवाएं लेकर अपने-अपने बिस्तर पर लेट गए। लेकिन बिस्तर पर आजम व तंजीन को नींद नहीं आई। उन्हें करवटें बदलते देखा गया। सुबह पांच बजे जेल प्रशासन ने उठाकर सीतापुर जेल शिफ्ट कर दिया।

आज 12 बजे तय था अखिलेश का कार्यक्रम
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार दोपहर 12 बजे आजम खान से मिलने के लिए रामपुर जाने वाले थे। जिससे जिले में कानून व्यवस्था बिगड़ सकती थी। इस इनपुट के बाद जेल प्रशासन ने तीनों को सीतापुर जेल रवाना कर दिया। इस प्रक्रिया को जेल प्रशासन ने बेहद गोपनीय रखा। सुबह लोग जब आजम से मुलाकात के लिए जेल पहुंचे तो उन्हें इस बात की जानकारी हुई।


हम क्या कहें, क्या हो रहा ये पूरे देश को मालूम
शिफ्ट होने से पहले तमाम सपा नेता सीतापुर जेल के बाहर जुट गए थे। मीडिया का भी जमावड़ा था। पुलिस की गाड़ी से उतरते ही आजम खान ने कहा- इस समय क्या हो रहा है, यह पूरा देश जानता है। हम क्या कहें? इतना कहने के साथ ही उन्हें जेल के अंदर पहुंचा दिया गया।

कुर्की जारी होने के बाद आजम ने किया था समर्पण

आजम, उनकी पत्नी व बेटे के खिलाफ बीते मंगलवार को अपर जिला न्यायाधीश-6 (एमपी/एमएलए) धीरेंद्र कुमार की अदालत ने कुर्की का वारंट जारी किया था। यह वारंट पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र बनवाने से संबंधित मुकदमे में जारी किए गए थे। अदालत में पेश न होने के कारण तीनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट पहले ही जारी किए जा चुके थे। बुधवार को तीनों ने अपर जिला न्यायाधीश की अदालत में समर्पण किया था। जहां उन्हें दो मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पुलिस की गाड़ी से उतारकर आजम खान को सीतापुर जेल में किया गया शिफ्ट।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2T0Ir5D

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: