अयोध्या/प्रयागराज. अयोध्या में राम जन्मभूमि निर्माण का रास्ता सुप्रीम कोर्ट से साफ हो चुका है। इसी क्रम में आज माघ मेले-2020 में मंदिर निर्माण की तिथि पर मुहर लग सकती है। संगमनगरी प्रयागराज में विहिप के केंद्रीय मार्ग दर्शक मंडल की बैठक शुरु हो चुकी है। इस दौरान प्रमुख रुप से राम मंदिर मॉडल पर ही निर्माण करवाने व अयोध्या की न्यास कार्यशाला में तराशे गए पत्थरों का उपयोग करने का मुद्दा उठेगा। बैठक में पारित किए जाने वाले प्रस्ताव मंगलवार को संत सम्मेलन में रखे जाएंगे।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा ने कहा- संतो की राय है कि राम मंदिर के ट्रस्ट का ऐलान जल्द किया जाए। जिससे राम मंदिर के निर्माण का काम राम नवमी से शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि राम जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने जोर देकर कहा है कि जिस मंदिर माडल के लिए लाखों राम भक्तों ने शिला पूजन किया व शिलाओं का अयोध्या पहुंचाया, उनकी भावनाओं को मंदिर से जोड़ने के लिए प्रस्तावित मॉडल में बिना किसी बदलाव किए हुए राम मंदिर का निर्माण किया जाए।
साथ ही इसके परिसर का व्यापक विस्तार भी किया जाए। जिससे यह विश्व का अद्भुत मंदिर बन सके। केद्रीय मार्ग दर्शक मंडल में करीब 200 प्रमुख संत व विहिप पदाधिकारी शामिल हैं। इस बैठक में अयोध्या के महंत नृत्य गोपाल दास, महंत सुरेश दास, संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास, महंत राम शरण दास सहित तमाम संत शामिल हैं।
यह है बैठक का एजेंडा
राम मंदिर निर्माण में संतो व विहिप की भूमिका, कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति, एनआरसी, सीएए, गंगा की अविरलता ,जनसंख्या व हिंदुत्व के अन्य मुद्दे बैठक के एजेंडे में शामिल हैं। विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, राजेंद्र सिंह पंकज, दिनेश चंद्र, अशोक कोकजे, मिलिंद परांडे, अशोक तिवारी आदि प्रयागराज पहुंच चुके हैं।
राम नवमी के पहले गांव-गांव में राम महोत्सव
शरद शर्मा ने बताया कि राम नवमी से मंदिर निर्माण की मंशा को जताने के लिए 28 मार्च से ही देश भर के उन गांवो में राम महोत्सव का आयोजन होगा। जहां से रामशिलाओं का पूजन हुआ था। ऐसे गांवो की संख्या ढाई लाख के आस पास है। राम महोत्सव में भजन हनुमान चालीसा व सुंदर कांड का पाठ व मंदिर को लेकर अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। संतो के प्रवचन व प्रवास के कार्यक्रम बनेंगें। इस साल के राम महोत्सव के कार्यक्रम को अंतिम रूप केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक व 21 जनवरी को प्रयागराज के माध मेला के अवसर पर होने वाले संत सम्मेलन में दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TGgrFk

0 comments: