Thursday, January 16, 2020

सोनभद्र में भाजपा को करारी हार, रेणुकूट व चोपन के पूर्व अध्यक्षों की पत्नियों के सिर बंधा जीत का सेहरा, हत्या के बाद खाली हुई थीं सीटें

सोनभद्र. केंद्र व उत्तर प्रदेश की सत्ता में आसीन भाजपा को सोनभद्र जिले में हुए नगर पंचायत उप चुनाव में करारी हार मिली है। यहां चोपन व रेणुकूट नगर पंचायत के अध्यक्षों की हत्या के बाद रिक्त पदों के लिए हुए उपचुनाव में पड़े मतों की गुरुवार को गिनती हुई। दोनों नगर पंचायतों में निर्दलीय महिला प्रत्याशियों के सिर जीत का सेहरा बंधा है। विजेता महिलाएं, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षों की पत्नी हैं।

14 जनवरी को हुई थी वोटिंग, आज मतगणना
चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सत्य प्रकाश तिवारी को 2,323 व निर्दल प्रत्याशी फरीदा बेगम को 2,878 मत मिले। फरीदा बेगम ने अपने निकटम भाजपा प्रत्याशी को 550 वोटों के अंतर से हराया। वहीं, रेणुकोट नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी शारदा खरवार को मात्र 51 वोट मिले। यहां निर्दल प्रत्याशी निशा सिंह को 3,576 मत मिला। यहां निशा सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दल प्रत्याशी अनिल सिंह को 1586 वोट से हराया। अनिल सिंह को 1,890 वोट मिले थे।

निर्दल प्रत्याशियों की जीत से उनके समर्थको में भारी उत्साह देखने को मिला। चुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष फरीदा बेगम व निशा सिंह ने जनता का आभार जताया। बीते 14 जनवरी को नगर पंचायत चोपन व रेनुकूट के अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव हुए थे। चोपन में सात तो रेणुकूट में चार उम्मीदवार मैदान में थे। चोपन में 47.94 और रेणुकूट में 62.12 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

शॉर्प शूटरों से कराई गई थी हत्या
फरीदा बेगम के पति इम्तियाज अहमद चोपन नगर पंचायत के अध्यक्ष थे। लेकिन बीते 25 अक्टूबर 2018 की सुबह उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी, तो वहीं रेणुकूट की नवनिर्वाचत अध्यक्ष निशा सिंह के पति शिव प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह की हत्या बीते 30 सितंबर 2019 की रात में उनके घर पर गोली मारकर की गई थी। इन दोनों ही घटनाओं में शार्प शूटर को बाहर से बुलाया गया था। पुलिस ने दोनों घटनाओं में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
(बाएं से)- रेणुकूट से नवनिर्वाचित पंचायत अध्यक्ष निशा सिंह व चोपन की विजेता निर्दल उम्मीदवार फरीदा बेगम।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RnABB1

SHARE THIS

Facebook Comment

0 comments: